http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 14 जुलाई, 2006 को 18:49 GMT तक के समाचार

पर्यटकों पर हमलों का विरोध

भारत प्रशासित कश्मीर के सैकड़ों लोगों ने पर्यटकों पर हुए हमलों के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों में होटल मालिक और दुकानदार शामिल थे. उनकी माँग थी कि प्रशासन पर्यटकों की सुरक्षा प्रदान करे. साथ ही पर्यटकों पर हमलों के ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए.

ग़ौरतलब है कि भारत प्रशासित कश्मीर में पर्यटन उद्योग अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है.

पिछले तीन महीनों में पर्यटकों पर छह हमले हुए हैं जिनमें 15 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य लोग घायल हो गए.

उत्तरी कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में बुधवार को हुए एक ग्रेनेड हमले में छह पर्यटक घायल हो गए थे.

मंगलवार को राजधानी श्रीनगर में एक के बाद एक पाँच ग्रेनेड हमले हुए थे जिनमें नौ पर्यटक मारे गए और 38 अन्य लोग घायल हुए थे.

अधिकारियों ने इन हमलों का ज़िम्मेदार राज्य में सक्रिय चरमपंथियों को ठहराया है लेकिन चरमपंथी इन हमलों से इनकार करते हैं.

पिछले कई वर्षों से घाटी में जारी हिंसा के दौर के बाद इस बार देश के बाकी हिस्सों से राज्य में पर्यटकों ने आना शुरू किया है.

पर्यटक राज्य में छुट्टियाँ मनाने के मक़सद से पहुँच रहे हैं पर चरमपंथियों ने अब इन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया है.