शुक्रवार, 14 जुलाई, 2006 को 13:02 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के कराची शहर में हुए आत्मघाती बम धमाके में एक वरिष्ठ शिया मौलवी समेत तीन लोग मारे गए हैं. धमाका शिया नेता मौलाना हसन तुराबी के घर के सामने हुआ.
धमाके में आत्मघाती हमलावर और शिया मौलवी के एक रिश्तेदार की मौक़े पर ही मौत हो गई जबकि अल्लामा हसन तुराबी की अस्पताल में मौत हो गई.
कराची के पुलिस उप महानिरीक्षक मुश्ताक़ शाह ने रॉयटर्स को बताया कि हमले में शिया मौलवी के दो अंगरक्षक घायल हुए हैं.
अप्रैल में भी हसन तुराबी पर हमला हुआ था लेकिन वे बच गए थे. उस समय उनकी कार पर हमला किया गया था.
एक रिपोर्ट के मुताबिक़ आत्मघाती हमलावर ने मौलवी हसन तुराबी के पास जाकर धमाका किया. उस समय तुराबी अपनी कार में सवार होने जा रहे थे.
धमाके में वे बुरी तरह ज़ख़्मी हो गए. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन गंभीर ज़ख़्म के कारण उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
धमाके में घायल हुए उनके दो अंगरक्षकों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है.