http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 11 जुलाई, 2006 को 16:30 GMT तक के समाचार

अमरीका और पाकिस्तान ने कड़ी निंदा की

मुंबई में सिलसिलेवार बम विस्फोटों की अमरीका और पाकिस्तान ने कड़ी आलोचना की है और इन विस्फोटों को आतंकवाद की निंदनीय घटना करार दिया है.

संवाद समिति एपीपी के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा है कि "आतंकवाद की यह निंदनीय घटना के कारण भारी संख्या में लोगों की मौत हुई है."

मुंबई में मंगलवार की शाम लोकल ट्रेनों में लगातार सात बम विस्फोट हुए जिसमें सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई है और 300 से अधिक लोग घायल हो गए हैं.

बयान के अनुसार पाकिस्तान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी इस आतंकवादी घटना की आलोचना की है और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है.

बयान में कहा गया है कि आतंकवाद हमारे समय की एक त्रासदी है और इसकी हर स्तर पर आलोचना होनी चाहिए और इससे निपटने के उपाय किए जाने चाहिए.

मुंबई में 1993 में भी इसी तरह के सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे जिसमें जान माल का काफी नुकसान हुआ था.

अमरीकी प्रतिक्रिया

अमरीका ने भी मुंबई में हुए बम विस्फोटों की आलोचना की है और कहा है कि हिंसा की यह घटना भारत के लोगों के लिए बहुत बड़ी एवं दुखद त्रासदी है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सीन मैकॉरमैक ने कहा " हम इन हमलों की कड़ी आलोचना करते हैं. हम उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं जिनके रिश्तेदारों की इन धमाकों में मौत हुई है. "

उन्होंने कहा कि हिंसा की ये घटनाएं उन मासूम लोगों को निशाना बना रही हैं जो अपनी रोज़ाना ज़िदगी में ट्रेनों में सफर करते हैं. यह भारतीय लोगों के लिए त्रासदी से कम नहीं है.