मंगलवार, 11 जुलाई, 2006 को 16:43 GMT तक के समाचार
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार की शाम मुंबई में हुए बम धमाकों की निंदा की है और इसे एक कायरतापूर्ण कोशिश बताया है.
घटना के बाद की स्थितियों का जायज़ा लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, गृहमंत्री शिवराज पाटिल और रेलमंत्री लालू प्रसाद पहुँच गए हैं.
मुंबई में मंगलवार की शाम हुए एक के बाद एक धमाकों में अभी तक कम से कम 170 लोग मारे गए हैं.
राज्य के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने बताया है कि हादसे में कम से कम 300 लोग घायल हो गए हैं.
विस्फोटों के तुरंत बाद दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर एक आपात बैठक बुलाई गई.
बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने प्रधानमंत्री की ओर से जारी एक बयान को पढ़ते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने मुंबई और उससे पहले श्रीनगर में हुए चरमपंथी हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह के हमलों से भारत की चरमपंथ के ख़िलाफ़ लड़ाई प्रभावित नहीं होगी.
शर्मनाक कोशिश
प्रधानमंत्री ने इस घटना को देश की आम जनता को प्रभावित करने की एक कायरतापूर्ण और शर्मनाक कोशिश बताया है.
गृहमंत्री ने पत्रकारों को बताया, " राज्य और केंद्र के अधिकारियों को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ख़ास निर्देश जारी कर दिए गए हैं."
उधर राज्य के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने राज्य स्तर के अधिकारियों की मंगलवार को ही एक आपात बैठक बुलाई.
उन्होंने बताया कि पहली प्राथमिकता लोगों को राहत उपलब्ध कराना और स्टेशनों पर फंसे लोगों को उनकी जगहों पर पहुँचाना है.
हमले की निंदा करते हुए रेल मंत्री लालू प्रसाद ने कहा है कि इस घटना को गंभीरता से लिए गया है और राहत के सभी इंतज़ामों के लिए रेल मंत्रालय को भी सचेत कर दिया गया है.