सोमवार, 10 जुलाई, 2006 को 19:48 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश में अधिकारियों का कहना है कि राज्य में रविवार को हुई भारी बारिश के कारण कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई हैं.
राज्य की राहत कमिश्नर रेणुका कुमार ने बताया कि इनमें से अधिकतर मौतें घरों के गिरने से हुई हैं जो बारिश के कारण गिरीं. कई लोग तो बिजली गिरने से भी मरे हैं.
भारी बारिश का सबसे अधिक प्रभाव हरदोई और लखीमपुर खीरी ज़िलों पर पड़ा है जहां मिट्टी के कई घर ढह गए हैं.
रेणुका कुमार का कहना है कि इस साल जून महीने के बाद से लेकर अबतक की बारिश में 162 लोगों की मौत हो चुकी है.
राजधानी लखनऊ में भी बारिश के कारण कई सरकारी इमारतों में पानी भर गया है.
हालांकि राज्य में पानी की ज़बर्दस्त कमी का सामना कर रहे किसानों को मानसून से खासी राहत मिली है. किसान अपनी नई फ़सल बोने के लिए कई दिनों से बारिश की राह देख रहे थे.