http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 07 जुलाई, 2006 को 17:45 GMT तक के समाचार

एम्स के डॉक्टरों की हड़ताल ख़त्म

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स के निदेशक डॉक्टर वेणुगोपाल की बर्खास्तगी पर रोक के दिल्ली हाईकोर्ट के फ़ैसले के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल ख़त्म कर दी है.

एम्स फ़ैकल्टी एसोसिएशन, रेसीडेंट्स डॉक्टर्स और मेडिकल छात्रों की सामान्य सभा की एक बैठक में हाईकोर्ट के फ़ैसले का विस्तार से अध्ययन करने के बाद ये निर्णय लिया गया.

एम्स के अलावा दिल्ली के अन्य अस्पतालों में भी चल रही डॉक्टरों की हड़ताल ख़त्म हो गई है.

उल्लेखनीय है कि डॉक्टर वेणुगोपाल की बर्खास्तगी के विरोध में बुधवार से डॉक्टर और मेडिकल छात्र हड़ताल पर चले गए थे और उन्होंने एम्स में बाह्य चिकित्सा कक्ष (ओपीडी) और आपातकालीन सेवाएँ ठप्प कर दी थीं.

बाद में दिल्ली के कई अन्य मेडिकल संस्थानों ने समर्थन देते हुए हड़ताल की घोषणा कर दी थी.

लेकिन शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने डॉक्टर वेणुगोपाल को एम्स के निदेशक पद से बर्ख़ास्त करने के संचालन समिति के फ़ैसले पर रोक लगा दी.

हड़ताल ख़त्म करने की घोषणा करते हुए डॉक्टरों ने कहा है कि वे मरीज़ों के हित में हड़ताल ख़त्म कर रहे हैं.

छात्र संगठन के नेता सस्मित सारंगी के हवाले से समाचार एजेंसी यूएनआई ने कहा है, "मरीज़ों को ध्यान में रखते हुए हड़ताल ख़त्म की जा रही है और आपातकालीन सेवाएँ तत्काल बहाल की जा रही हैं."

इससे पहले चार डॉक्टरों ने अपना आमरण अनशन ख़त्म किया.

समाचार एजेंसियों के अनुसार वेणुगोपाल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट के फ़ैसले के बाद एम्स परिसर में मेडिकल छात्रों के बीच ख़ुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने मिठाइयाँ बाँटीं.