सोमवार, 03 जुलाई, 2006 को 21:22 GMT तक के समाचार
नेपाल के प्रधानमंत्री गिरिजाप्रसाद कोइराला को छाती में दर्द की शिकायत के बाद काठमांडू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कोइराला 84 वर्ष के हैं और मंगलवार को वो सरकार की नीतियों के बारे में संसद को जानकारी देनेवाले थे.
अभी तय नहीं है कि कोइराला मंगलवार को संसद की कार्यवाही में हिस्सा ले पाएँगे या नहीं.
महीनों तक चले जनांदोलन के बाद नेपाल नरेश ज्ञानेंद्र ने सत्ता छोड़ी थी और उसके बाद अप्रैल में कोइराला को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था.
लेकिन सांस की तकलीफ़ के कारण उनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम कुछ दिनों टालना पड़ा था.
गिरिजाप्रसाद कोइराल पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे हैं और पिछले महीने ही थाईलैंड में उनका एक ऑपरेशन हुआ था.
उनकी बेटी सुजाता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया,'' उनकी छाती में इंफ़ेक्शन है और यह कोई गंभीर बात नहीं है. हम उन्हें सावधानीवश अस्पताल ले गए.''
कोइराला पांचवी बार नेपाल के प्रधानमंत्री बने हैं और वो नेपाल की सबसे बड़े राजनीतिक दल नेपाली कांग्रेस के नेता हैं.
हाल में नेपाल में माओवादी विद्रोही नेता प्रचंड और उनकी राजधानी काठमांडू में बातचीत हुई थी.
माओवादी विद्रोह के दस साल के इतिहास में माओवादियों और सरकार के बीच ये पहली अधिकृत वार्ता थी.