सोमवार, 03 जुलाई, 2006 को 06:31 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में हिंसा की कई घटनाएँ हुई हैं. इनमें कम से कम पाँच चरमपंथियों और सेना के एक जवान के मारे जाने की ख़बरे हैं.
राजधानी श्रीनगर से साठ किलोमीटर दूर बांदीपोरा में हुई एक मुठभेड़ में दो चरमपंथी और सेना के एक जवान की मौत हुई है.
अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी रविवार की शाम तब शुरु हुई जब सेना ने चरमपंथियों के एक ठिकाने को घेर लिया.
अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी सोमवार की सुबह तक चलती रही और इसमें तीन सैनिक घायल भी हुए हैं.
डोडा ज़िले के पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह के अनुसार जम्मू से 180 किलोमीटर पूर्वोत्तर में शरेखी इलाक़े में हिज़्बुल मुजाहिदीन का एक वरिष्ठ कमांडर मारा गया है.
पुलिस का कहना है कि उस पर कई हत्याओं में शामिल होने का आरोप था.
गोलीबारी की एक अन्य घटना में जम्मू से 190 किलोमीटर दूर दो चरमपंथी मारे गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि इन चरमपंथियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अभी इस इलाक़े में और चरमपंथी छिपे हो सकते हैं.