सोमवार, 03 जुलाई, 2006 को 09:29 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना का कहना है कि देश के दक्षिणी हिस्से में हुई झड़प में उन्होंने लगभग 20 संदिग्ध चरमपंथियों को मार दिया है.
सेना का कहना है कि चरमपंथियों ने उनके एक गश्त दल पर रविवार को हेलमंद प्रांत में हमला किया था.
अधिकारियों ने बताया है कि एक अन्य घटना में एक सैनिक की उस समय मौत हो गई जब रविवार रात कंधार में उसका हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
इस हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे विरोधी खेमे द्वारा गोलीबारी के प्रयोग की बात से इनकार किया जा रहा है.
इस दुर्घटना में एक सैनिक घायल भी हुआ है. लेकिन अभी ये नहीं बताया गया है कि मृत और घायल सैनिक किस देश के हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्से में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ एक बड़ा अभियान चल रहा है.
हेलमंद प्रांत में रविवार को चरमपंथियों के साथ हुई झड़प में गठबंधन सेना के दो सैनिक घायल हो गए थे.
गठबंधन सेना के एक बयान में कहा गया है कि ये सैनिक एक तलाशी अभियान पूरा करके आए थे जब करीब 30 चरमपंथियों ने उन पर हमला कर दिया.
गठबंधन सेना के प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट कर्नल पॉल ने कहा, दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथियों पर अफ़ग़ान और गठबंधन सेना के हमले जारी हैं.
पिछले हफ़्ते गठबंधन सेना ने कहा था कि उन्होंने नूरीस्तान प्रांत में 14 तालेबान चरमपंथियों को मार दिया है.
हाल के कुछ महीनों में अफ़ग़ानिस्तान में हिंसक घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है.
शनिवार को चरमपंथियों के साथ झड़प में दो ब्रितानी सैनिकों की भी मौत हो गई थी.