http://www.bbcchindi.com

रविवार, 02 जुलाई, 2006 को 11:43 GMT तक के समाचार

कानपुर में करंट लगने से नौ की मौत

भारत के राज्य उत्तर प्रदेश में बिजली का करंट लगने से नौ लोगों की मौत हो गई है और तीन घायल हुए हैं.

ये सभी लोग कानपुर ज़िले में एक शादी की एक बारात में शामिल थे और बस से वापस आ रहे थे.

पुलिस अधिकारी अजीत कुमार यादव के मुताबिक ये घटना आधी रात के समय हुई जब एक यात्री सामान रखने के लिए बस की छत पर गया और ग़लती से बिजली की तार को छू लिया.

इसके तुरंत बाद एक आग का गोला बस पर आकर गिरा.

पुलिस अधिकारी का कहना है कि बिजली का करंट बस में चला गया जिससे नौ लोगों की मौत हुई.

बस कानपुर के शिवराजपुर कस्बे से कन्नौज वापस आ रही थी.

अजीत कुमार यादव ने बताया कि जब ये हादसा हुआ तो बस में करीब 45 यात्री बस में सवार थे.

घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है.