http://www.bbcchindi.com

रविवार, 02 जुलाई, 2006 को 23:32 GMT तक के समाचार

तालेबान विद्रोहियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई तेज़

अफ़ग़ानिस्तान में दो ब्रितानी सैनिकों के मारे जाने के बाद गठबंधन सेनाओं ने तालेबान विद्रोहियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई तेज़ कर दी है.

अमरीकी नेतृत्ववाली गठबंधन सेना ने हेलमंद प्रांत में तालेबान के संभावित ठिकानों पर हवाई और ज़मीनी हमले किए.

ग़ौरतलब है कि शनिवार को एक संघर्ष में दो ब्रितानी सैनिक और एक अफ़ग़ानी दुभाषिया मारा गया था.

इधर अफ़ग़ानिस्तान में ब्रितानी सेना के प्रमुख ब्रिगेडियर बटलर ने कहा है कि संघर्ष में और भी सैनिक मारे जा सकते हैं.

उनका कहना था,'' सैनिकों का मारा जाना दुखद है और हमारी उन परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं हैं.''

ब्रिगेडियर बटलर ने कहा कि गठबंधन सेनाएँ जैसे-जैसे दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में व्यवस्था की स्थापना की कोशिश कर रही हैं, उसमें और सैनिक घायल हो सकते हैं, यहाँ तक कि मारे भी जा सकते हैं.

दूसरी ओर गठबंधन सेना का एक हेलिकॉप्टर कंधार शहर के बाहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

इसमें कितने लोगों की मौत हुई है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. बस इतना कहा गया है कि हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, मार गिराया नहीं गया है.

पिछले कुछ सप्ताह के दौरान अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी हिस्से में लड़ाई में ख़ासी तेज़ी आई है.

इस संघर्ष में बड़ी संख्या में तालेबान विद्रोही मारे गए है, साथ ही गठबंधन सैनिकों की भी मौत हुई है. इनमें ज़्यादातर अमरीकी हैं.

इस समय अफ़ग़ानिस्तान में गठबंधन सेनाओं के लगभग 26 हज़ार लोग तैनात हैं जिनमें से 18 हज़ार 500 अमरीकी हैं, बाक़ी साढे सात हज़ार अन्य देशों से हैं.