शुक्रवार, 30 जून, 2006 को 04:22 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में सेना ने कहा है कि नियंत्रण रेखा पर हुई मुठभेड़ के बाद घुसपैठ की कोशिश कर रहे आठ चरमपंथी मारे गए हैं.
सेना के प्रवक्ता ने कहा है नियंत्रण रेखा पर केरान सेक्टर में कुछ चरमपंथी पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की ओर से भारत की ओर आने की कोशिश कर रहे थे.
प्रवक्ता के अनुसार यह घटना गुरुवार को आधी रात के बाद की है.
बुधवार को ही भारत के गृह सचिव वीके दुग्गल ने कहा था कि पिछले साल की तुलना में इस साल नियंत्रण रेखा के पार से घुसपैठ की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है.
दिल्ली में कश्मीर की स्थिति का आकलन करने के लिए हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद गृहसचिव ने यह बयान दिया था.
इस बैठक में थलसेना प्रमुख जेजे सिंह भी थे.
ख़बरें हैं कि इस बैठक में कई अहम फ़ैसले लिए गए. हालांकि इन फ़ैसलों को सार्वजनिक नहीं किया गया है.