भारतीय राज्य जम्मू-कश्मीर के शुक्रवार को बांदीपुरा इलाके में हुई एक मुठभेड़ के दौरान सेना के एक अधिकारी और दो चरमपंथी मारे गए हैं. यह जानकारी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने दी है.
प्रवक्ता ने बताया कि यह मुठभेड़ श्रीनगर से क़रीब 60 किलोमीटर दूर बांदीपुरा इलाक़े में हुई जहाँ सेना ने एक घर को घेर रखा था.
सेना को जानकारी मिली थी कि एक घर में कुछ चरमपंथी छिपे हुए हैं. इसके बाद सेना के जवानों ने उस घर को घेर लिया.
मारे गए सेना के अधिकारी लेफ़्टीनेंट कर्नल के रूप में सेना में कार्यरत थे.
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार मुठभेड़ के दौरान उन्होंने इस घर में घुसने की कोशिश की. इसी दौरान उन्हें गोली लगी और उनकी मौत हो गई.
सेना के अनुसार उन्होंने इस घर से मुठभेड़ में मारे गए दो चरमपंथियों के भी शव बरामद किए हैं.
सेना और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ अभी जारी है.
बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन का कहना है कि पिछले एक-दो वर्षों में यह पहली घटना है जिसमें सेना के वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई है.
पहले ऐसी ख़बरें भी आईं कि चरमपंथियों ने इस अधिकारी को अगवा कर लिया था पर सेना ने इससे इनकार किया है.