गुरुवार, 29 जून, 2006 को 21:41 GMT तक के समाचार
अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित कश्मीर में सेक्स स्कैंडल के सिलसिले में केंद्रीय जाँच ब्यूरो ने एक होटल मालिक को गिरफ़्तार किया गया है.
केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) के एक उपमहानिरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बीबीसी को बताया कि होटल नाज़ के मालिक रियाज़ अहमद कावा को इन आरोपों में गिरफ़्तार किया गया है कि उन्होंने वेश्यावृत्ति कि लिए अपने होटल का इस्तेमाल होने देने की इजाज़त दी.
सीबीआई ने इस मामले में पहले ही नौ लोगों के ख़िलाफ़ आरोप निर्धारित कर दिए हैं जिनमें सीमा सुरक्षा बल का एक उपमहानिरीक्षक भी शामिल है.
इस मामले में दो पूर्व मंत्रियों को भी गिरफ़्तार किया गया है लेकिन उन पर अलग से आरोप तय किए जाएंगे.
ज़्यादातर अभियुक्तों पर बलात्कार के आरोप लगाए गए हैं और इन आरोपों में कहा गया है कि उन्होंने अल्प आयु की लड़कियों के साथ बलात्कार किया.
अगर दोष साबित हो जाता है तो उम्र क़ैद की सज़ा हो सकती है.
इस बीच राज्य के वकीलों ने इस सेक्स स्कैंडल के अभियुक्तों की पैरवी करने से इनकार कर दिया है.