http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 27 जून, 2006 को 09:33 GMT तक के समाचार

श्रीलंकाई राष्ट्रपति का विद्रोहियों पर आरोप

श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने तमिल विद्रोहियों की आलोचना करते हुए कहा है कि सेना के वरिष्ठ जनरल की हत्या कर वे शांति प्रक्रिया को समाप्त कर देना चाहते हैं.

ग़ौरतलब है कि सोमवार को कोलंबो के पास एक आत्मघाती हमले में जनरल करामी कुलथुंगा और तीन सैनिकों की मौत हो गई थी.

जनरल करामी कुलथुंगा श्रीलंका सेना तीसरे सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे और श्रीलंका संघर्ष में उनकी भूमिका रही है.

हमारे संवाददाता के अनुसार यह हमला सुनियोजित था और इसका उद्देश्य सरकार को यह जताना था कि उसे कभी भी निशाना बनाया जा सकता है.

हालांकि तमिल विद्रोहियों के एक प्रवक्ता ने इस हमले में हाथ होने से इनकार किया है.

आरोप

राजपक्षे का कहना था कि यह हमला दिखाता है कि तमिल विद्रोहियों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की शांति और हिंसा त्यागने की अपील का कोई असर नहीं है.

उन्होंने आरोप लगाया,'' तमिल विद्रोही चरमपंथ हमलों के माध्यम से शांति प्रक्रिया को ख़त्म करना चाहते हैं.''

बीबीसी संवाददाता दुमीता लूथरा का कहना है कि हालांकि श्रीलंका सरकार और तमिल विद्रोही दोनों कह रहे हैं कि कि दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम अब भी कायम है. लेकिन असलियत यह है कि ये केवल कागज़ों तक ही सीमित है.

इस साल की हिंसक घटनाओं में अब तक 700 लोगों की जानें जा चुकी हैं.

इससे पहले अप्रैल में श्रीलंका के सेनाध्यक्ष जनरल शरत फोनसेका पर भी जानलेवा हमला किया गया था और वो बाल बाल बचे थे.

श्रीलंका सेना ने इसके लिए तमिल विद्रोहियों को ज़िम्मेदार ठहराया था और उनके ठिकानों पर हवाई हमला किया था.