मंगलवार, 27 जून, 2006 को 15:16 GMT तक के समाचार
भारत के दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में पुलिस ने कहा है कि मंगलवार को उन्होंने प्रतिबंधित गुट कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (माओवादी) के आठ सदस्यों को मार दिया है.
ये घटना राज्य के महबूबनगर में हुई.
राज्य के नक्सल निरोधक कमांडो बल ने माओवादियों पर उस वक़्त हमला किया जब वे एक जंगली इलाक़े में बैठक कर रहे थे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मुठभेड़ में कई माओवादी भागने में कामयाब रहे.
इस घटना के बाद वर्ष 2006 में पुलिस के हाथों मारे गए माओवादियों की संख्या 77 हो गई है.
इस बीच सीपीआई माओवादी के सदस्यों ने ख़म्माम ज़िले के सत्यनारायणपुरम गाँव में हमला किया और एक व्यक्ति को मार दिया.
पुलिस का कहना है कि माओवादियों ने कुछ मकानों को भी नुकसान पहुँचाया.
माना जा रहा है कि नक्सलवादियों ने गाँववालों से कहा है कि वे पुलिस के हाथों उनके एक साथी और उसकी पत्नी की मौत का बदला ले रहे हैं.