सोमवार, 26 जून, 2006 को 04:13 GMT तक के समाचार
श्रीलंका सेना का कहना है कि कोलंबो के पास चरमपंथियों के एक आत्मघाती हमले में एक सैन्य जनरल और तीन सैनिकों की मौत हो गई है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चमिंडा बनूनूराची ने बताया कि कोलंबो से बीस किलोमीटर दूर पानीपितिया में उस कार को निशाना बनाया गया जिसमें जनरल करामी कुलथुंगा सवार थे.
वो श्रीलंका सेना के तीसरे सबसे बड़े अधिकारी थे. इस हमले में तीन सैनिकों की भी मौत हो गई है.
सेना ने इस आत्मघाती हमले के लिए तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया है. विद्रोहियों ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
पिछले कुछ हफ्तों में श्रीलंका में एक बार फिर सरकारी सैनिकों और तमिल विद्रोहियों के बीच संघर्ष बढ़ गया है.
पुलिस अधिकारी बनूनूराची ने रायटर्स संवाद समिति से कहा " मेरे ख्याल से यह आत्मघाती हमला था. मोटरसाइकिल पर सवार लोगों ने जनरल कुलथुंगा पर आत्मघाती हमला किया. "
रिपोर्टो के अनुसार हमले में एक ट्रक, टैक्सी और वैन को भी नुकसान पहुंचा और इसमें सवार लोगों को अस्पताल ले जाया गया है.
हिंसा में बढ़ोतरी
कोलंबो में बीबीसी संवाददाता दुमीता लूथरा का कहना है कि इस ताज़ा हमले से आशंका है कि श्रीलंका में एक बार फिर युद्ध का माहौल बन जाएगा.
इससे पहले अप्रैल महीने में श्रीलंका के सेनाध्यक्ष जनरल शरत फोनसेका पर भी जानलेवा हमला किया गया था.
सेना ने इस हमले के लिए तमिल विद्रोहियों पर आरोप लगाते हुए पूर्वोत्तर में एलटीटीई के ठिकानों पर मिसाइल दागे हैं.
इस साल अब तक दोनों पक्षों के बीच संघर्ष में सात सौ से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से कई आम नागरिक भी हैं.