सोमवार, 26 जून, 2006 को 09:46 GMT तक के समाचार
फ़िल्म स्टार सलमान ख़ान की मुसीबतों का अंत होता नज़र नहीं आ रहा है. अब वो एक और परेशानी में फंस गए लगते हैं.
अभियोग पक्ष ने राजस्थान के जोधपुर की एक अदालत को सूचित किया है कि सलमान ख़ान ने अदालत को अपने हथियार लाइसेंस के संबंध में गुमराह किया. अदालत ने इस मामले में सलमान ख़ान को नोटिस जारी कर दिया है.
ग़ौरतलब है कि हाल ही में जोधपुर की एक अदालत ने फ़िल्म अभिनेता सलमान ख़ान के ख़िलाफ़ दो चिंकारा के शिकार के मामले में आरोप तय कर दिए थे.
उन पर 1998 में जोधपुर में चिंकारा को मारने का आरोप है. सलमान ख़ान इन आरोपों का खंडन करते आए हैं.
अभियोग पक्ष का कहना है कि सलमान ख़ान का हथियार का लाइसेंस मुंबई पुलिस के पास है जबकि फ़िल्म अभिनेता ने अदालत को ग़लत जानकारी दी कि यह खो गया है.
सरकारी वकील एनके संखला ने अदालत से अनुरोध किया कि वह सलमान के ख़िलाफ़ कार्रवाई करे. एनके संखला ने कहा,'' अदालत को गुमराह करना गंभीर मामला है.''
अदालत ने उनसे इस संबंध में 10 जुलाई से पहले जवाब देने को कहा है.
इसके पहले राजस्थान में ही शिकार के एक अन्य मामले में सलमान ख़ान को अप्रैल में दोषी पाया गया था और पाँच साल जेल और 25 हज़ार रुपए के जुर्माने की सज़ा सुनाई गई थी.
इसके बाद उन्हें दो लाख रुपए के निजी मुचलके और 25 हज़ार रुपए का जुर्माना देने पर जमानत पर रिहा कर दिया गया था.