http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 जून, 2006 को 12:23 GMT तक के समाचार

अमरीकी नेतृत्ववाली सेनाओं पर हमला

अधिकारियों का कहना है कि अमरीका के नेतृत्ववाली गठबंधन सेनाओं पर एक संदिग्ध आत्मघाती व्यक्ति ने हमला किया है.

समाचार एजेंसी एएफ़पी ने गृह मंत्रालय के हवाले से कहा है कि अमरीका के अफ़ग़ानिस्तान में मुख्य आधार बगराम के बाहर हुए इस हमले में दो बच्चे घायल हो गए.

दूसरी ओर एक सैन्य अभियान में घायल हुए गठबंधन के एक सैनिक की मौत हो गई.

पिछले कुछ दिनों में गठबंधन सेनाओं पर हमले तेज़ हुए हैं और इनके लिए तालेबान और उनके समर्थकों को दोषी ठहराया जा रहा है.

अधिकारियों का कहना है कि सैन्य आधार के बाहर विस्फोटकों से लदे एक वाहन में धमाका हुआ.

हालांकि इस धमाके से किसी गठबंधन सैनिक को कोई नुक़सान नहीं हुआ है.

अधिकारियों का कहना है कि हमले में आत्मघाती हमलावर मार गया और उसका वाहन नष्ट हो गया.

पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी हिस्से में लड़ाई में ख़ासी तेज़ी आई है.

इस संघर्ष में बड़ी संख्या में तालेबान विद्रोही मारे गए है, साथ ही 30 गठबंधन सैनिकों की भी मौत हुई है. इसमें ज़्यादातर अमरीकी हैं.

इस समय अफ़ग़ानिस्तान में गठबंधन सेनाओं के लगभग 26 हज़ार लोग तैनात हैं जिनमें से 18 हज़ार 500 अमरीकी हैं, बाक़ी साढे सात हज़ार अन्य देशों से हैं.