अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना और अफ़ग़ान सेना ने कहा है कि शनिवार रात को हुई झड़पों में उन्होंने 48 तालेबान लड़ाकों को मार दिया है.
शनिवार देर रात शुरू हुई ये झड़पें कंधार के दक्षिणी हिस्से में हुईं.
पंजवई ज़िले में करीब चार घंटों तक चली झड़प में गठबंधन सेना के दो सैनिक मारे गए. लेकिन अभी ये नहीं पता चल पाया है कि मारे गए सैनिक किस देश के हैं.
अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ विशेष अभियान शुरू किया गया है और 2001 के बाद से ये सबसे बड़ा अभियान है.
पिछले दो हफ़्तों में करीब 200 विद्रोहियों के मारे जाने की ख़बर है.
अफ़ग़ान सेना में दक्षिण हिस्से के कमांडर जनरल रहमतउल्ला रफ़ी ने बताया कि शनिवार देर रात हुई झड़पों में तालेबान लड़ाकों ने एक बगीचे में छिपकर गोलीबारी की.
जनरल रहमतउल्ला रफ़ी ने कहा कि गठबंधन सेना ने इसके बाद हेलीकॉप्टर गनशिप मंगवाईं.
विशेष अभियान
इससे पहले शनिवार दिन में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने कहा था कि पिछले दो दिनों में हुई झड़पों में कम से कम 65 तालेबान लड़ाके मारे गए हैं.
पिछले हफ़्ते गठबंधन सेना ने दक्षिण अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ एक विशेष अभियान शुरु किया था जिसे ऑपरेशन माउंटेन थ्रस्ट का नाम दिया गया था.
सैन्य अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के तहत चरमपंथियों के कई ठिकानों पर हमले किए गए हैं.
तालेबान की गतिविधियों के संबंध में अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत भी हुई है.
अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया था कि वह दोनों देशों की लगनेवाली सीमा से तालेबान के आधार को समाप्त नहीं कर रहा है. हालांकि पाकिस्तान इन आरोपों का खंडन करता आया है.