http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 21 जून, 2006 को 07:34 GMT तक के समाचार

बीस विद्रोही मारे गए: अफ़ग़ान सेना

अफ़ग़ानिस्तान की सेना का कहना है कि दक्षिण में स्थित हेलमंद प्रांत में सरकार का विरोध कर रहे 20 लड़ाके सेना के साथ एक मुठभेड़ में मारे गए हैं.

उस क्षेत्र में सेना के एक कमांडर जनरल रहमत्तुल्ला रौफ़ी का कहना है कि गुप्त जानकारी मिलने के बात विदेशी सैनिकों ने अफ़ग़ानिस्तान की सेना के साथ मिलकर संयुक्त तौर पर ये अभियान चलाया.

मुठभेड़ तब शुरु हुई जब सेना ने मूसा क़िला जगह पर विद्रोहियों पर हमला किया जब वहाँ उनकी एक बैठक हो रही थी.

जनरल रौफ़ी का कहना था, "मुठभेड़ तीन घंटे तक चली और घटनास्थल से
विद्रोहियों के शव और कई हथियार बरामद किए गए."

उनका कहना था कि एक सैनिक भी इस मुठभेड़ में घायल हुआ.

हाल के दिनों में दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में हज़ारों नौटो और अफ़ग़ान सैनिकों तैनात किया गया है ताकि वे तालेबान लड़ाकों और उनके समर्थकों का सामना कर सकें.

पिछले हफ़्ते सेना का कहना था कि उरुज़गान प्रांत में लड़ाकों के साथ हुई झड़पों में 40 तालेबान लड़ाके मारे गए.