सोमवार, 19 जून, 2006 को 07:48 GMT तक के समाचार
दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत में हुए दो हमलों में कम से कम तीस लोग मारे गए हैं. अफ़ग़ानिस्तान के एक सांसद के अनुसार ये हमले संदिग्ध तालेबान लड़ाकों ने किए हैं.
पहले हमले में कम से कम पाँच लोग मारे गए. एक अफ़ग़ान अधिकारी के अनुसार जब मृतकों के रिश्तेदार और अन्य लोग उनके शव उठाने की कोशिश कर रहे थे तब दूसरा हमला हुआ जिसमें और लोग मारे गए.
अफ़ग़ान सांसद दाद मोहम्मद ख़ान का कहना था, "तालेबान ने उन पर दोबारा घात लगाकर हमला किया. कुछ लोग घटनास्थल पर ही मारे गए जबकि कुछ अन्य अलग-अलग जगह पर मारे गए."
महत्वपूर्ण है कि दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा उस समय बढ़ी है जब अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेनाओं ने हाल में तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ अपना अभियान तेज़ कर दिया है.
अफ़ग़ानिस्तान में इस साल उन हमलों में ताज़ी आई है जिनके लिए तालेबान या उनके समर्थकों को ज़िम्मेदार ठहराया गया है. सैकड़ों लोग इन हमलों के शिकार हुए हैं.