http://www.bbcchindi.com

रविवार, 18 जून, 2006 को 09:22 GMT तक के समाचार

श्रीलंका में तीन पुलिसकर्मियों की मौत

श्रीलंका में अधिकारियों का कहना है कि एक धमाके में तीन पुलिसकर्मी मारे गए हैं. वावूनिया में हुई इस घटना के लिए अधिकारियों ने एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया है.

अधिकारियों को शक है कि धमाका बारूदी सुरंग की वजह से हुआ. घटना उस समय हुई जब पुलिसकर्मी एक पानी के टैंकर को ले जा रहे थे. तभी ज़बरदस्त धमाका हो गया.

पिछले कुछ दिनों से तमिल विद्रोहियों और सरकारी सैनिकों के बीच संघर्ष तेज़ हो गया है और तनाव बढ़ता जा रहा है.

शनिवार को संघर्ष में 30 से ज़्यादा लोग मारे गए. इस सप्ताह के शुरू में एक बस के बारूदी सुरंग की चपेट में आ जाने से 64 लोग मारे गए थे.

इस हमले के लिए भी तमिल विद्रोहियों को ज़िम्मेदार ठहराया गया था. एलटीटीई ने विस्फोट में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया.

लेकिन सरकार ने देश के उत्तरी और पूर्वी इलाक़ों में एलटीटीई के ठिकाने पर हवाई हमला करके इसका जवाब दिया. इसके बाद से सरकारी सैनिकों और एलटीटीई के बीच संघर्ष जारी है.

निशाना

रविवार को हुई घटना के बारे में अधिकारियों का कहना है कि पानी टैंकर लेकर जा रहे पुलिसकर्मियों को विद्रोहियों ने निशाना बनाया. अधिकारियों के अनुसार विद्रोहियों ने रिमोट कंट्रोल से बारूदी सुरंग में धमाका किया.

पुलिस महानिरीक्षक गामिनी सिल्वा ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि धमाके में तीनों पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. एलटीटीई ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

हालाँकि उनके प्रवक्ता दया मोहन ने बताया है कि रविवार की सुबह सैनिकों ने उनके इलाक़े में गोले छोड़े. उन्होंने बताया कि तमिल विद्रोहियों ने भी इसका जवाब दिया और फिर वे भाग गए.

श्रीलंका में लगातार चल रही हिंसा के कारण सरकार और एलटीटीई के बीच समझौते की संभावना फ़िलहाल कम होने लगी है.

बीबीसी संवाददाता दमित्रा लूथरा का कहना है कि स्थिति को देखते हुए यही लगता है कि अब युद्ध टाला नहीं जा सकता.