रविवार, 18 जून, 2006 को 07:44 GMT तक के समाचार
भारतीय राज्य जम्मू-कश्मीर में जम्मू से लगभग 160 किलोमीटर दूर हुई एक बस दुर्घटना में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस सड़क से फिसल गई और तीन सौ फ़ीट नीचे वह रही चनाब नदी में जा गिरी जिससे कम से कम 15 लोगों की तो घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई और 10 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
जम्मू से लगभग 160 किलोमीटर उत्तर में स्थित रामबन के पास ये हादसा तब हुआ जब बस श्रीनगर की ओर जा रही थी.
अधिकारियों के अनुसार इस पर 48 लोग सवार थे और ये सब बिहार और नेपाल से आए मज़दूर थे. पुलिस के अनुसार 23 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं.
फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि इस दुर्घटना का क्या कारण था.
इस साल जनवरी में राजौरी ज़िले में हुई एक बस दुर्घटना में 50 लोग मारे गए थे और अनेक लोग घायल हो गए थे.
उससे पहले सितंबर 2005 में डोडो ज़िले में हुई एक बस दुर्घटना में भी 45 लोग मारे गए थे.