http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 17 जून, 2006 को 18:43 GMT तक के समाचार

सोनिया ने साधा मुलायम पर निशाना

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के रिश्ते तल्ख़ होते जा रहे हैं. अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली का दौरा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश की मुलायम सरकार पर निशाना साधा.

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार रायबरेली के लोगों के लिए जानबूझकर परेशानी पैदा कर रही है.

उनका कहना था कि ये परेशानी इसलिए पैदा की जा रही है क्योंकि वो यहाँ से सांसद हैं. सोनिया गांधी रायबरेली से रिकॉर्ड मतों से दोबारा चुने जाने के बाद शनिवार को वहाँ के दोदिवसीय दौरे पर हैं.

ग़ौरतलब है कि लाभ के पद के विवाद के बाद सोनिया गांधी ने अपनी लोक सभा सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था और वो दोबारा रायबरेली से चुनाव लड़ी थीं.

कांग्रेस अध्यक्ष का कहना था,''उन्हें एक ही शिकायत सुनाई दे रही है कि जो थोड़ी बहुत बिजली इस इलाक़े में पहले आती थी, उसे राज्य सरकार ने बंद कर दिया है.''

ग़ौरतलब है कि अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होनेवाले हैं और वहाँ आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.

इसके पहले सोनिया गांधी और राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की क़ानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जता चुके हैं.

हाल में अमिताभ बच्चन और जया बच्चन को आयकर के नोटिसों को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच तक़रार तेज़ हुई है.