शुक्रवार, 16 जून, 2006 को 10:28 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सेना का कहना है कि गठबंधन सैनिकों और अफ़ग़ान सुरक्षा बलों ने देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में चलाए एक बड़े अभियान में लगभग 40 विद्रोहियों को मार दिया है.
पकतिका प्रांत में चलाए गए इस अभियान में ज़मीनी हमलों के साथ-साथ हवाई हमले भी किए गए. अभियान बुधवार और गुरूवार की रात को चलाया गया.
एक सैन्य वक्तव्य में कहा गया है कि इस लड़ाई में गठबंधन सेना के एक सैनिक की भी मौत हो गई.
देश के दक्षिणी हिस्से में इस अभियान के लिए हज़ारों अफ़ग़ान और गठबंधन सैनिक तैनात किए गए.
अमरीकी सेना का कहना है कि यह अभियान बुधवार को सुबह हवाई हमलों के साथ शुरू हुआ था जिसमें एक दूरदराज़ इलाक़े में स्थित पहाड़ी ठिकानों को निशाना बनाया गया.
अमरीकी सेना इस अभियान को 2001 में अफ़ग़ानिस्तान पर हमले के बाद से सबसे बड़ा सैन्य अभियान बता रही है. ग़ौरतलब है कि उस हमले के बाद तालेबान की सरकार को उखाड़ दिया गया था.
पिछले क़रीब दो महीने के दौरान भीषण लड़ाई हुई है जिसमें सैकड़ों संदिग्ध तालेबान लड़ाके और चरमपंथी मारे गए हैं. यह लड़ाई मुख्य रूप से दक्षिण और पूर्वी इलाक़ों में हुई है.
गुरूवार को भी दक्षिणी शहर कंधार में एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ है जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए हैं और 15 अन्य घायल हो गए.
आशंका जताई गई कि विस्फोट एक बस में रखे एक बम से हुआ.
ये बस सुबह-सुबह अफ़ग़ान कर्मचारियों को अमरीकी नेतृत्व वाली संयुक्त सेना के विमानतल की ओर ले जा रही थी.