http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 15 जून, 2006 को 08:57 GMT तक के समाचार

कंधार में विस्फोट, 10 की मौत

अफ़ग़ानिस्तान में पुलिस का कहना है कि दक्षिणी शहर कंधार में एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ है जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए हैं और 15 अन्य घायल हो गए.

आशंका जताई गई है कि विस्फोट एक बस में रखे एक बम से हुआ.

ये बस सुबह-सुबह अफ़ग़ान कर्मचारियों को अमरीकी नेतृत्व वाली संयुक्त सेना के विमानतल की ओर ले जा रही थी.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कर्नल शीरशाह के हवाले से कहा है, "ये एक बम विस्फोट है और लगता है कि बम बस के ही भीतर रखा गया था."

पुलिस ने कहा है कि ये एक बड़ा विस्फोट था और मारे गए लोगों के शव क्षत-विक्षत हो गए.

2001 में तालेबान सरकार के पतन के बाद अफ़ग़ानिस्तान एक बार फिर हिंसा की चपेट में है.

पिछले कुछ महीनों में तालेबान की गतिविधियाँ अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी और पूर्वी भाग में बढ़ी हैं.

हिंसा की घटनाओं में इस साल कम से कम 30 विदेशी सैनिक मारे गए हैं जिनमें से ज़्यादातर अमरीकी हैं.