http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 14 जून, 2006 को 05:58 GMT तक के समाचार

एक और वीडियो की जाँच

अमरीकी मरीन सेना ने कहा है कि वो उस वीडियो टेप के स्रोतों की जाँच कर रही है जिसमें एक मरीन सैनिक को इराक़ी नागरिकों को मारने का गीत गाते हुए दिखाया गया है.

मरीन सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि ये वीडियो ग़लत है और मरीन की भावनाओं के ख़िलाफ़ है.

इस वीडियो को किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक लोकप्रिय इंटरनेट साइट पर डाला है.

इससे पहले भी अमरीकी सैनिकों के इराक़ी कैदियों के साथ दुर्व्यवहार की कई शिकायतें मिल चुकी हैं और उन्हें सही भी पाया गया है. अबू ग़रैब का मामला इसका सबसे बड़ा उदाहरण माना जाता है.

इसमें सैनिक की तरह ड्रेस पहने एक व्यक्ति को दिखाया गया है जो अपना परिचय मरीन सैनिक की तरह देता है.

उसे भीड़ के सामने गीत गाते दिखाया गया है और भीड़ इससे ख़ुश हो रही है.

गीत में इराक़ी नागरिकों, विशेषकर बच्चों को गोली मारे जाने का ज़िक्र है.

इसमें इराक़ियों को हाजी कहा गया है.

इस वीडियो से ये स्पष्ट नहीं होता कि इसकी शूटिंग कब और कहाँ की गई थी.

मरीन सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि इस वीडियो के स्रोतों की जाँच की जा रही है लेकिन अभी ये फ़ैसला नहीं लिया गया है कि इसकी औपचारिक जाँच की जाए या नहीं.