बुधवार, 14 जून, 2006 को 20:44 GMT तक के समाचार
नेपाल के प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला देश में राजशाही ख़त्म किए जाने की संभावना से साफ़ इनकार किया है.
उन्होंने चेतावनी दी है कि राजशाही ख़त्म करने से देश में गंभीर राजनीतिक संकट पैदा हो सकता है.
उनका मानना है कि इस मुद्दे का फ़ैसला संविधान सभा पर छोड़ देना चाहिए.
उनका बयान उस समय आया है जब राजशाही ख़त्म करने की माँग ज़ोर पकड़ रही है.
नेपाल की संसद ने पहले ही नेपाल नरेश ज्ञानेंद के ज़्यादातर अधिकार वापस ले लिए हैं. नेपाल में अप्रैल में लोकतंत्र के पक्ष में हुए भीषण प्रदर्शनों संसद के बाद संसद बहाल की गई थी.
महत्वपूर्ण है कि अप्रैल में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद पहली बार गिरिजा प्रसाद कोइराला ने इस विषय पर टिप्पणी की है.
नेपाल की राजनीतिक मुख्यधारा में शामिल अनेक पार्टियाँ और माओवादी राजशाही ख़त्म करना चाहते हैं. सरकार और माओवादियों के बीच संविधान सभा चुनावों के मुद्दे पर बातचीत भी हुई है.