शालिनी जोशी, देहरादून से
उत्तरांचल के अधिकारियों के अनुसार अलमोड़ा ज़िले में एक ट्रक के खड्ड में गिर जाने के कारण 48 लोग मारे गए हैं और 18 घायल हो गए हैं.
ये लोग एक ट्रक पर सवार होकर एक शादी के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे.
एक उच्च प्रशासनिक अधिकारी राकेश कुमार ने बीबीसी को बताया कि ये दुर्घटना तब हुई जब ट्रक सड़क से फिसल गया.
इसके बाद एक बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुँचा और घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया.
महत्वपूर्ण है कि हाल के महीनों में उत्तरांचल के पहाड़ों में ऐसी दुर्घटनाएँ बढ़ गई हैं.
अप्रैल में एक बस दुर्घटना में 14 लोग मारे गए थे और 26 घायल हो गए थे.
मई में उत्तरांचल परिवहन निगम की एक बस के कोसी नदी में गिर जाने की वजह से 22 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए.