सोमवार, 12 जून, 2006 को 12:55 GMT तक के समाचार
भारतीय राज्य जम्मू-कश्मीर में पुलिस का कहना है कि एक चरमपंथी हमले में कम से कम आठ ग़ैर कश्मीरी मज़दूर मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं.
कुलगाम गाँव में मज़दूर धान के खेतों में काम कर रहे थे जब चरमपंथियों के एक समूह ने गोलीबारी शुरु कर दी.
बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन ने ख़बर दी है कि सुरक्षाबलों ने इलाक़े को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है.
इससे पहले सोमवार को ही सुबह जम्मू बस स्टैंड पर तीन ग्रेनेड धमाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कम से कम 15 लोग घायल हो गए थे.
पिछले कुछ दिनों में जम्मू कश्मीर में चरमपंथी गतिविधियों में बढ़ोत्तरी हुई है और एक बार फिर चरमपंथी आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं.
25 मई को पर्यटकों पर चरमपंथियों ने हमला किया था. इसमें सूरत के एक परिवार के चार सदस्य मारे गए थे.
इसके बाद चरमपंथियों ने 31 मई को पर्यटकों के एक बस पर भी ग्रेनेड फेंके थे.
कड़ी सुरक्षा
संदिग्ध चरमपंथियों ने सोमवार की सुबह जम्मू के मुख्य बस स्टैंड पर तीन ग्रेनेड फेंके. यहीं वैष्णो देवी यात्रियों की भारी भीड़ जुड़ती है और लोग कटरा की बसें पकड़ते हैं.
पुलिस का कहना है कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनमें से पाँच की हालत गंभीर है.
हालांकि प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा और वैष्णो देवी जानेवाले यात्रियों पर चरमपंथी हमले की आशंका के मद्देनज़र बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं.
इस वक्त जम्मू में वैष्णो देवी यात्रा के लिए लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही चल रही है.
दूसरी ओर अमरनाथ यात्रा पर निकला तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था रविवार को ख़राब मौसम के कारण रोक दिया गया था और सोमवार को भी यात्रा ख़राब मौसम के कारण रुकी रही.