http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 06 जून, 2006 को 10:07 GMT तक के समाचार

हमले में दो अमरीकी सैनिक घायल

अफ़ग़ानिस्तान में एक आत्मघाती बम हमले में दो अमरीकी सैनिक घायल हो गए हैं.

ख़बरों के अनुसार पाकिस्तानी सीमा के पास खोस्त शहर के बाहरी हिस्से में एक हमलावर ने विस्फोटकों से लदी अपनी कार से अमरीकी सैनिक काफ़िले को निशाना बनाया.

तालेबान का प्रवक्ता होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने काबुल में बीबीसी को फ़ोन कर कहा है कि हमला उनके संगठन ने किया है.

खोस्त सूबे के गवर्नर मेराजुद्दीन पठान ने एक बार फिर आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियाँ आत्मघाती हमलावरों को प्रशिक्षित कर अफ़ग़ानिस्तान भेज रही हैं.

उन्होंने कहा, "यह आतंकवादियों का काम है, और पाकिस्तान आतंकवादियों का समर्थन कर रहा है."

उल्लेखनीय है कि इस साल अफ़ग़ानिस्तान में 22 आत्मघाती हमले हो चुके हैं.

रविवार को भी एक आत्मघाती हमलावर ने कंधार में कनाडा के सैनिकों की एक टुकड़ी को निशाना बनाने की कोशिश की थी. हमले में चार आम नागरिक मारे गए थे, जबकि 13 अन्य घायल हो गए थे.

उस हमले की ज़िम्मेदारी भी तालेबान ने ली थी.

अफ़गानिस्तान में अधिकारियों का मानना है कि आमतौर पर चेचन और अरब हमलावर आत्मघाती हमलों को अंज़ाम देते हैं.