शुक्रवार, 02 जून, 2006 को 20:09 GMT तक के समाचार
अधिकारियों का कहना है कि गुजरात में पिछले तीनों दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण 12 लोगों की मौत हो गई है.
अधिकारियों का कहना है कि ज़्यादातर मौतें बिजली गिरने या मकान ढहने के कारण हुईं हैं.
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुजरात में मॉनसून 10 दिन पहले आ गया है. इस दौरान केवल कच्छ को छोड़कर पूरे राज्य में बारिश हो रही है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में गुजरात के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
पिछले साल गुजरात में भारी बारिश के कारण 130 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.
महाराष्ट्र में भी बारिश
इस बार महाराष्ट्र में भी मॉनसून पहले आ गया है और वहाँ भारी बारिश हुई है.
महाराष्ट्र सरकार का कहना है कि उन्होंने भारी बारिश से उत्पन्न होनेवाले किसी भी संकट से निपटने की तैयारी पूरी कर ली है.
मुंबई के नगरपालिका आयुक्त जॉनी जोसफ़ ने बीबीसी को बताया कि पिछली साल समस्याएँ उत्पन्न करनेवाली मीठी नदी की सफ़ाई का काम लगभग पूरा कर लिया गया है.
यह नदी बारिश के पानी को समुद्र तक ले जाती है.साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए नावें तैयार रखी गईं हैं.
ग़ौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण लगभग एक हज़ार लोग मारे गए थे और दो करोड़ से ज़्यादा लोग इससे प्रभावित हुए थे.
इस बारिश के बाद महाराष्ट्र पर बीमारियों का क़हर टूट पड़ा था और अनेक लोगों की अपनी जान गवांनी पड़ी थी. भारी बारिश और बाढ़ से लगभग एक-तिहाई शहर पूरी तरह से ठप्प हो गया था.