शुक्रवार, 02 जून, 2006 को 15:32 GMT तक के समाचार
भारत और पाकिस्तान के बीच दोस्ताना माहौल को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत एक सांस्कृतिक महोत्सव पाकिस्तान में आयोजित करने का फ़ैसला किया गया है जिसमें भारतीय सांस्कृतिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा.
दोनों देशों के बीच दिल्ली में सचिव स्तर की दो दिन की बातचीत शुक्रवार को समाप्त हुई जिसके बाद सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित करने का फ़ैसला किया गया.
यह बातचीत दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने के लिए जो व्यापक बातचीत हो रही है, यह बातचीत भी उसी दायरे में की गई थी.
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व पर्यटन और संस्कृति सचिव बादल के दास और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्कृति सचिव जलील अब्बास ने किया था.
जलील अब्बास ने पत्रकारों को बताया कि पाकिस्तान के मोहनजोदाड़ो स्थान पर एक सांस्कृतिक और वास्तुकला महोत्सव आयोजित किया जाएगा जिसमें भारतीय विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जाएगा.
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह महोत्सव कब आयोजित किया जाएगा.
मोहनजोदाड़ो एक ऐसा प्राचीन स्थान है जो सिंदु नदी घाटी सभ्यता का हिस्सा रहा था.
फ़िल्म के क्षेत्र में सहयोग
जलील अब्बास ने कहा कि दोनों देशों के बीच फ़िल्म क्षेत्र में भी सहयोग शुरू हो गया है और पाकिस्तानी फ़िल्मों का एक महोत्सव भारत में आयोजित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इस फ़िल्म महोत्सव के आयोजन के लिए तैयारियाँ की जा रही हैं.
अब्बास ने बताया कि ऐसा इंतज़ाम किया जा रहा है कि दोनों देशों में जो धार्मिक स्थल हैं, वहाँ समूहों में लोगों को एक दूसरे देश में जाने की इजाज़त दी जा सके.
जलील अब्बास ने बताया कि भारत सरकार ने पाकिस्तान में स्थानीय सरकार के स्तर पर किए गए सुधारों के बारे में जानकारी हासिल करने की इच्छा जताई है.
दो दिन की इस बातचीत में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने कला और संस्कृति, शिक्षा, परंपरागत औषधि, वास्तुकला, पर्यटन, युवा मामलों और मीडिया क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने के प्रस्तावों पर विचार किया गया.