बुधवार, 31 मई, 2006 को 15:54 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में बुधवार को एक सैलानी बस पर हुए ग्रेनेड हमले में कम से कम 30 लोगों के घायल होने की ख़बर है.
यह जानकारी राज्य पुलिस के हवाले से दी गई है. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक यह हमला श्रीनगर के डलगेट इलाक़े में एक टूरिस्ट बस पर हुआ जिसमें पश्चिम बंगाल से आए हुए पर्यटक सवार थे.
हमले में ग्रेनेड बस के अंदर जा गिरा और अंदर ही फट गया जिससे इतनी बड़ी तादाद में लोग घायल हो गए हैं.
बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में पर्यटकों पर हमले की यह तीसरी घटना है.
इससे पहले 26 मई को गुजरात से आए पर्यटकों पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि पाँच लोग घायल हो गए थे.
कश्मीरी चरमपंथी संगठन हिज़्बुल मुजाहिदीन ने पर्यटकों पर हाल ही में हुए हमलों के लिए भारतीय ख़ुफ़िया एजेंसियों को ज़िम्मेदार ठहराया है.
हिज़्बुल मुजाहिदीन के नेता सैयद सलाहुद्दीन ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि सैलानियों पर हमले कश्मीर में भारतीय शासन के ख़िलाफ़ चल रहे संघर्ष को बदनाम करने की एक कोशिश है.
सलाहुद्दीन ने कहा कि चरमपंथियों को सैलानियों पर हमले करके कुछ भी हासिल नहीं होगा.
उन्होंने कहा, "ऐसे हमलों से कश्मीर की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा जिससे सिर्फ़ क़ाबिज़ सेनाओं को फ़ायदा होगा क्योंकि वे राज्य पर अपना क़ब्ज़ा बनाए रखने के लिए अपना शिकंजा और कसेंगी."