http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 मई, 2006 को 19:11 GMT तक के समाचार

काबुल में हिंसा के बाद रात का कर्फ़्यू

अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में अमरीका विरोधी प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने रात में छह घंटे के लिए कर्फ़्यू लगा दिया है.

दूसरी ओर काबुल में हुई हिंसा के बाद राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने टेलीविज़न पर दिए अपने संबोधन में लोगों से शांति की अपील की है.

उन्होंने हिंसा के लिए लूटेरों और उपद्रवियों को ज़िम्मेदार ठहराया और वादा किया कि वे उस सड़क हादसे की जाँच कराएँगे जिसके कारण हिंसा फैली.

राजधानी काबुल में हिंसा उस समय भड़की जब अमरीकी सैनिक काफ़िले में शामिल एक ट्रक कई गाड़ियों से टकरा गया. इस दुर्घटना में कई लोग मारे गए.

दुर्घटना के बाद मौक़े पर हज़ारों की संख्या में लोग जुट गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे.

हिंसा

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी सैनिकों ने भीड़ पर गोलियाँ चलाई जिसके कारण और लोगों की जानें गईं.

गोलीबारी के बाद इलाक़े में हिंसा और भड़क गई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कई गाड़ियों को आग लगा दी. राजधानी काबुल के कई इलाक़ों से गोलीबारी की आवाज़ें भी सुनी गईं.

यूरोपीय संघ के कम से कम 16 प्रतिनिधियों को ब्रितानी सैनिकों ने सुरक्षित बाहर निकाला. एक रिपोर्ट के मुताबिक़ कम से कम 20 लोग मारे गए हैं लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

बीबीसी के काबुल स्थित संवाददाता का कहना है कि काबुल में अब शांति है. सड़कों पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.

संवाददाता का कहना है कि काबुल में अमरीका विरोधी और प्रदर्शनों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.