सोमवार, 29 मई, 2006 को 08:36 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में हुई झड़प और गोलीबारी में कम से कम सात नागरिकों के मारे जाने और बीस के घायल होने की ख़बर है.
अमरीका के नेतृत्व वाला एक काफ़िला काबुल में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया और इसके बाद सड़क पर लोगों ने प्रदर्शन किया. इसी दौरान गोलीबारी हुई और आम नागरिक मारे गए.
इस घटना के बाद लोग काफ़ी नाराज़ हो गए और सैकड़ों की संख्या में सैनिक वाहनों पर पत्थरबाज़ी की.
पुलिस का कहना है कि इसके बाद गोलीबारी होने लगी हालांकि इस बारे में परस्पर विरोधी ख़बरे मिल रही हैं कि गोलीबारी अफ़ग़ान लोग कर रहे हैं या अमरीकी सैनिक.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अमरीकी सेना और अफ़ग़ान पुलिस ने गोलीबारी की. लोगों ने अमरीका और अफ़ग़ान राष्ट्रपति हामिद करज़ई विरोधी नारे लगाए.
गोलबारी होने के बद लोग इधर उधर बिखर गए.
टेलीविज़न फ़ुटेज में एक मशीनगन दिखाई गई है जिससे हवा में गोली चलाई जा रही है.
अफ़ग़ानिस्तान के आंतरिक सुरक्षा मामले के मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बारे में कहा, “हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि काबुल में सड़क दुर्घटना हुई है और गठबंधन सेना इस दुर्घटना का शिकार हुई है, इसके बाद प्रदर्शन हुए जिसने हिंसक रूप ले लिया.”
अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना की प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट टमारा लॉरेंस ने भी सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है पर उन्होंने कहा कि सैनिकों द्वारा गोली चलाए जाने की कोई घटना सामने नहीं आई है.
सेना प्रवक्ता ने कहा कि घटना की जाँच की जा रही है.