http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 26 मई, 2006 को 16:16 GMT तक के समाचार

जनरल हेडन होंगे सीआईए प्रमुख

अमरीका की सीनेट ने ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए के प्रमुख के तौर पर जनरल माइकल हेडन की नियुक्ति की पुष्टि कर दी है.

जनरल हेडन के पक्ष में 78 वोट पड़े जबकि उनके विपक्ष में 15.

पिछले 25 सालों के दौरान अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए के प्रमुख पद पर नियुक्त होने वाले जनरल हेडन पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिनका संबंध सेना से है.

सीआईए की कमान सेना से जुड़े व्यक्ति के हाथ में देने की आलोचकों ने निंदा की है. हालांकि जनरल हेडन का कहना है कि वे पेंटागन से अलग रहेंगे.

अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने जनरल हेडन की नियुक्ति की पुष्टि किए जाने का स्वागत किया है.

उन्होंने एक बयान में कहा, “ आतंक के ख़िलाफ़ जंग में अमरीका को ज़ररूत है कि उसका ख़ुफ़िया तंत्र बेहतर हो और जनरल हेडन के नेतृत्व में ये सुनिश्चित हो पाएगा.

राष्ट्रपति बुश ने कहा कि जनरल हेडन एक समर्पित अधिकारी हैं जिनका अनुभव, समर्पण और उनकी महारत उन्हें सीआईए की अगुआई करने के लिए उपयुक्त व्यक्ति बनाती हैं.

आपत्ति

जनरल हेडन कई सालों तक अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख रह चुके हैं.

डेमोक्रेटिक पार्टी के कई सदस्यों ने अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के उस
कार्यक्रम पर आपत्ति उठाई थी जिसके तहत अमरीकी नागरिकों के फ़ोन कॉल और ई-मेल पर बिना उन्हें वारंट दिए निगरानी रखी जा सकती थी.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हेडन के नाम के पुष्टि की प्रक्रिया आसान रही और इसमें ज़्यादा देर नहीं लगी.

सीनेट में हुई बहस के दौरान सीनेटर रॉन वाइडन ने कहा कि जनरल हेडन की विश्वसनियता पर सवाल बने हुए हैं.

सीआईए के पूर्व प्रमुख पोर्टर गॉस ने मई के शुरू में अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. उस समय व्हाइट हाउस ने इन ख़बरों को ग़लत बताया था कि अमरीकी राष्ट्रपति को गॉस पर भरोसा नहीं रहा था.