बुधवार, 24 मई, 2006 को 03:59 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई अमरीकी नेतृत्ववाली गठबंधन सेना के प्रमुख से अफ़ग़ान इलाक़ों में हवाई हमलों के बारे में सफ़ाई माँगेंगे.
हामिद करज़ई इस समय विदेश में हैं और उन्होंने सोमवार को कंधार पर हुए हमले के बारे में जाँच के आदेश दे दिए हैं.
उन्होंने तालेबान लड़ाकों की भी आलोचना की है और कहा कि वे आम नागरिकों को 'ढाल' के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं.
दूसरी ओर अमरीकी सेना का कहना है कि इस हमले में लगभग 80 तालेबान लड़ाके मारे गए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति इन दिनों संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर हैं और उन्होंने वहाँ से अपना बयान जारी किया है.
राष्ट्रपति करज़ई ने कंधार प्रांत के पंजवाई ज़िले में अमरीकी नेतृत्ववाली सेना के बमबारी किए जाने के फ़ैसले पर चिंता जताई है.
हमला
सोमवार को कंधार में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के हवाई हमले में क़रीब 80 लोगों के मारे जाने की ख़बर है. इनमें 16 आम नागरिक भी शामिल हैं.
दूसरी ओर तालेबान लड़ाकों ने भी अपने हमले तेज़ कर दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को तालेबान चरमपंथियों ने हेलमंद के उत्तर में पुलिस के गश्ती दल को अपना निशाना बनाया.
हेलमंद में अपनी तैनाती के बाद पहली बार ब्रितानी सैनिकों ने तालेबान के ख़िलाफ़ अपाचे हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया. हेलमंद प्रांत में दो हज़ार से ज़्यादा ब्रितानी सैनिक तैनात हैं.
हाल के दिनों में अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा की घटनाओं में तेज़ी आई है. पिछले सप्ताह से अभी तक चरमपंथियों और गठबंधन सेना के हमले में क़रीब 250 लोग मारे गए हैं. इनमें चरमपंथियों के साथ-साथ आम नागरिक भी शामिल हैं.
माना जा रहा है कि कंधार में तालेबान को स्थानीय लोगों से अब भी काफ़ी समर्थन मिल रहा है.