रविवार, 21 मई, 2006 को 19:32 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में रविवार को कांग्रेस की एक रैली में हुए चरमपंथी हमले को भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कायराना हरकत बताया है.
मनमोहन सिंह ने कहा कि कश्मीर मसले का शांतिपूर्ण हल निकालने की कश्मीरियों की कोशिश पर इस हमले का असर नहीं पड़ेगा.
वहीं भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी के नेता अरूण जेटली ने कहा है कि श्रीनगर में हुआ हमला ये दर्शाता है कि चरमपंथ ख़त्म नहीं हुआ है और इसमें फिर तेज़ी आ रही है.
बीजेपी नेता अरूण जेटली ने कहा कि ‘भारत प्रशासित कश्मीर में आतंकवाद’ से निपटने के लिए एक नीति की ज़रूरत है.
रविवार को श्रीनगर में कांग्रेस की एक रैली पर हमला किया गया था. पुलिस के मुताबिक हमले में दो पुलिसकर्मियों सहित सात लोग मारे गए हैं और 25 घायल हो गए.
प्रधानमंत्री के एक प्रवक्ता ने कहा है कि मनमोहन सिंह बुधवार को तय कार्यक्रम के तहत श्रीनगर आएँगे.
24-25 मई को श्रीनगर में कश्मीर मसले पर गोलमेज़ सम्मेलन हो रहा है जिसमें मनमोहन सिंह भी आएँगे.
चार कश्मीर चरमपंथी संगठनों ने गोलमेज़ सम्मलेन को बाधित करने की धमकी दी है.