बुधवार, 17 मई, 2006 को 11:07 GMT तक के समाचार
अफ़गानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र संघ के एक काफ़िले को कार बम के ज़रिए उड़ाने की कोशिश की गई है जिसमें ख़ुद हमलावर की मौत हो गई.
अफ़गान अधिकारियों के मुताबिक यह हमला कंधार शहर से 10 किलोमीटर दूर हवाई अड्डे के निकट हुआ जिसमें हमलावर के अलावा कोई और हताहत नहीं हुआ है.
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता एड्रिएन एडवार्डस ने बताया कि हमलावर ने हवाई अड्डे के निकट अपनी गाड़ी में रखे विस्फोटको को डेटोनेटर के ज़रिए उड़ा दिया जिसमें उसकी मौत हो गई.
उसने अपनी गाड़ी को संयुक्त राष्ट्र के काफ़िले के के वाहन के निकट ख़ड़ा करने की कोशिश की ताकि वो ज़ोरदार धमाके की चपेट में आ जाए लेकिन वह अपने इरादों में नाकाम रहा.
हमलों में तेज़ी
अफ़गानिस्तान में हाल के दिनों में तालेबान लड़ाकों के हमलों में तेज़ी आई है.
कंधार दक्षिणी अफ़गानिस्तान का मुख्य शहर है और माना जाता है कि यहाँ तालेबान को स्थानीय लोगों का काफ़ी समर्थन मिल रहा है.
ब्रिटेन और कनाडा समेत कुछ अन्य देशों की सेनाएँ कंधार हवाई अड्डे से अपनी गतिविधियों का संचालन करती हैं.
अफ़गानिस्तान पर अमेरिका के नेतृत्व में अक्तूबर 2001 में हुए हमले के बाद वहाँ से तालेबान शासन का अंत हो गया था.