मंगलवार, 16 मई, 2006 को 19:07 GMT तक के समाचार
लोक सभा में अन्य पिछड़ी जातियों को देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में आरक्षण दिए जाने के सवाल पर बुधवार को चर्चा होने की उम्मीद है. इस दौरान इस मुद्दे पर सरकार अपना रुख़ स्पष्ट करेगी.
संसदीय कार्य मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने पत्रकारों को बताया कि आरक्षण मुद्दे पर पीएमके नेता रामदॉस का ध्यानकर्षण प्रस्ताव बुधवार को लोक सभा में आएगा और मानव संसाधन मंत्री अर्जुन सिंह इस बहस का जवाब देंगे.
उन्होंने जानकारी दी कि लोक सभा की कार्य सलाहकार समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है.
हालांकि मंगलवार को मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा था कि सरकार सभी विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार हैं. इसमें सीटों की संख्या बढ़ाना भी शामिल है.
लेकिन मानव संसाधन विकास मंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया कि इस फ़ैसले से पीछे हटने का सवाल ही नहीं पैदा होता.
इस बीच आरक्षण के फ़ैसले के ख़िलाफ़ मेडिकल कॉलेज के छात्रों और जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी है.
राजधानी दिल्ली सहित देश के कई शहरों में हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएँ बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.
आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के साथ-साथ देश के कई शहरों में आरक्षण के समर्थन में भी रैलियाँ निकालीं गईं.
दिल्ली के साथ-साथ चंडीगढ़, जयपुर, भोपाल, मुंबई, मेरठ और कई अन्य शहरों में डॉक्टर हड़ताल पर हैं.
उच्च जाति के छात्रों का कहना है कि आरक्षण के कारण प्रतिभाएँ प्रभावित होंगी और स्तर भी गिरेगा.