http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 15 मई, 2006 को 07:24 GMT तक के समाचार

डॉक्टरों की हड़ताल से सेवाएं प्रभावित

भारत की राजधानी दिल्ली में आरक्षण के विरोध में निजी और सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर हड़ताल पर हैं जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.

पिछले हफ्ते से मेडिकल के छात्र छिटपुट अलग अलग धरने और प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने लाठी चार्ज किया था जिसके विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने सोमवार को हड़ताल का आह्वान किया है.

सरकारी अस्पतालों की हड़ताल का साथ निजी अस्पताल के डॉक्टर भी दे रहे हैं जिसके कारण स्थिति बहुत ख़राब हो गई है.

हालांकि आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से अलग रखा गया है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सामान्य बनाए रखने की कोशिश कर रही है.

रविवार को दिल्ली में प्रदर्शनों का दौर शुरु हुआ था जो अब मुंबई, अहमदाबाद और बंगलौर तक फैल गया है.

शुक्रवार को जब मेडिकल छात्रों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु की थी और विरोध मार्च निकाला था तो पुलिस ने लाठी चार्ज किया और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया.

पिछले एक हफ्ते से भारत के कई कॉलेजों में छात्र सरकार द्वारा अन्य पिछड़ी जातियों को आरक्षण दिए जाने के प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं.

मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह ने विभिन्न कॉलेजों में अन्य पिछड़ी जातियों के लिए आरक्षण को 27 प्रतिशत से बढ़ाकर क़रीब 50 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा है.

सरकार का कहना है कि इससे ग़रीब और पिछड़े तबके के छात्रों को बराबर का मौका मिलेगा.

लेकिन कई कॉलेजों के छात्रों ने इसका विरोध किया है. सरकार के भी कई मंत्री इससे खुश नहीं है.

यहां तक कि राष्ट्रीय ज्ञान आयोग ( नेशनल नॉलेज कमीशन) ने भी इस प्रस्ताव का विरोध किया है.