http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 12 मई, 2006 को 18:05 GMT तक के समाचार

बलात्कार के मामले में सांसद को जेल

बलात्कार के एक 23 साल पुराने मामले में पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने एक सांसद बीर सिंह महतो को 10 साल जेल की सज़ा सुनाई है.

सांसद का कहना है कि वो दोषी नहीं हैं और उनके वकील इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अदालत में अपील करेंगे.

सामूहिक बलात्कार के इस मामले में सांसद महतो सहित तीन और लोगों को भी सज़ा सुनाई गई है.

बीर सिंह महतो पश्चिम बंगाल से फॉर्वर्ड ब्लॉक पार्टी के सांसद हैं. फॉर्वर्ड ब्लॉक सत्तारुढ़ वाममोर्चा का हिस्सा है और यही मोर्चा केंद्र की यूपीए सरकार को बाहर से समर्थन भी दे रहा है.

बीर सिंह महतो 1991 से लगातार पुरुलिया संसदीय क्षेत्र से चुन कर लोकसभा में आते रहे हैं.

अदालत ने जैसे ही सज़ा सुनाई, उन्हें गिरफ़्तार कर पुरुलिया सेंट्रल जेल में भेज दिया गया है.

जिस मामले में सज़ा सुनाई गई है वो 20 नवंबर 1982 को घटी थी.

बताया गया है कि उस दिए एक घर पर हमला किया गया था और तोड़फोड़ के बाद एक महिला से, जो उस समय 25 साल की थी, सामूहिक बलात्कार किया गया था.

इस हमले से दो दिन पहले ही घर के सभी पुरुष सदस्यों को पुलिस पकड़ कर ले गई थी.

अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि हमला करने वालों का नेतृत्व बीर सिंह महतो कर रहे थे.

पीड़ित महिला के पति ने बीबीसी से कहा कि वे पिछले 23 सालों से इसकी पीड़ा को झेल रहे हैं और ख़ुश हैं कि दोषी लोगों को सज़ा सुना दी गई है.

ये फ़ैसला ऐसे समय में आया है जब पूरा वाम मोर्चा राज्य विधानसभा चुनावों में अपनी ऐतिहासिक जीत के जश्न मना रहा है.