http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 मई, 2006 को 01:36 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी, रायबरेली से
बीबीसी संवाददाता

रायबरेली से सोनिया दोबारा चुनाव मैदान में

उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोक सभा उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान चल रहा है. यहाँ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का मुख्य मुक़ाबला भाजपा के विनय कटियार के साथ माना जा रहा है.

उल्लेखनीय है कि 'लाभ के पद' के विवाद के बाद सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद और लोक सभा की सदस्यता दोनों से इस्तीफ़ा दे दिया था और अब वो दोबारा चुनाव मैदान में हैं.

एक दूसरे के ऊपर मतदान केंद्रों के कब्ज़ा करने की योजना बनाने के आरोपों के कारण चुनाव आयोग ने इस क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए हैं.

इस क्षेत्र के 14 लाख मतदाताओं के लिए 843 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं.

प्रेक्षकों का मानना है कि सोनिया गांधी भारी अंतर से जीत जाएंगी और अन्य उम्मीदवार दूसरे स्थान के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

मुक़ाबला

सन् 2004 के लोक सभा चुनाव में सोनिया गांधी लगभग ढाई लाख मतों के अंतर से जीती थीं. उस समय दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार रहा था.

लेकिन इस बार समाजवादी पार्टी ने अनजाने से चेहरे राजकुमार चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है. उमा भारती प्रभा सिंह लोधी का समर्थन कर रही हैं.

समाजवादी पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के बेटे और सांसद अखिलेश यादव से संभाली थी. दूसरी ओर सोनिया गांधी के चुनाव प्रचार की कमान उनके बेटे और बेटी राहुल और प्रियंका ने संभाली थी.

माना जा रहा है कि इस बार सोनिया का मुख्य मुक़ाबला भाजपा के विनय कटियार से है. कटियार पिछड़ी जाति से हैं और उन्होंने संघ परिवार के आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

वो सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर भी सवाल उठाते रहे हैं. ग़ौरतलब है कि भाजपा उम्मीदवार 1996 और 1998 में यहाँ से चुनाव जीत चुके हैं.