शनिवार, 06 मई, 2006 को 11:39 GMT तक के समाचार
भारतीय राज्य जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में कथित सेक्स स्कैंडल के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया है.
इस दौरान कम से कम एक छात्र घायल हुआ है.
लाठी चार्ज के बाद कश्मीर विश्वविद्यालय के हज़ारों विद्यार्थी यूनिवर्सिटी परिसर से बाहर आ गए.
इस कथित स्कैंडल के बारे में पिछले महीने एक स्थानीय समाचार एजेंसी ने जानकारी दी थी.
ख़बरों के मुताबिक नग्न महिलाओं के वीडियो श्रीनगर में मिल रहे हैं. इसके बाद एक महिला को पुलिस ने पिछले महीने गिरफ़्तार कर लिया था.
शुक्रवार को भी लोगों ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया था.
शुक्रवार को श्रीनगर में कुछ लोगों ने उस महिला का घर तोड़ने की कोशिश भी की थी जिस पर इस कथित सेक्स स्कैंडल में शामिल होने का आरोप लगा है.
इसकी छानबीन का ज़िम्मा शुक्रवार को ही जाँच एजेंसी सीबीआई को सौंप दिया गया था.
उधर अलगाववादी महिला संगठन दुख़्तराने मिल्लत की अध्यक्ष ने भी शनिवार को कश्मीर विश्वविद्यालय परिसर के बाहर लोगों की भीड़ को संबोधित किया.
दुख़्तराने मिल्लत ने वेश्यावृत्ति के ख़िलाफ़ लोगों का समर्थन जुटाने के लिए अभियान शुरू किया है.
बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन का कहना है कि लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है क्योंकि इस मामले में कई सरकारी और पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आ रहे हैं.