http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 06 मई, 2006 को 05:54 GMT तक के समाचार

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में दस की मौत

अमरीकी सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में एक सैन्य अभियान के दौरान जो हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, उसमे सवार सभी 10 सैनिकों की मौत हो गई है.

ये दुर्घटना अफ़ग़ानिस्तान की पाकिस्तान से लगी सीमा पर हुई.

अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना की प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट टमारा लॉंरेंस ने बताया कि हेलीकॉप्टर पर सवार कोई भी सैनिक इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा.

मृतक सैनिक किस देश के नागरिक हैं इस बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है.

माना जा रहा है कि ये सैनिक तालेबान के ख़िलाफ़ अभियान में शामिल थे.
सेना की प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि हेलीकॉप्टर पर कोई हमला नहीं हुआ था.

शिनूक हेलीकॉप्टर की ये दुर्घटना शुक्रवार को देर रात काबुल से 240 किलोमीटर दूर कुनार प्रांत में हुई थी.

पाकिस्तान की सीमा से लगा कुनार प्रांत पहाड़ी इलाक़ा है और यहीं एक बड़ा अमरीकी अड्डा है.

पिछले साल सितंबर में भी अफ़ग़ानिस्तान में एक शिनूक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसमें पाँच अमरीकियों की मौत हो गई थी.