http://www.bbcchindi.com

धमकी के बाद स्वर्णमंदिर की सुरक्षा बढ़ी

बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर और दूसरे प्रमुख गुरुद्वारों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.

अमृतसर के पुलिस प्रमुख सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार को एक हस्तलिखित पत्र मिला था जिसमें प्रमुख गुरुद्वारों और रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ा देने की धमकी दी गई थी.

उन्होंने बताया कि ये धमकी जलंधर के स्टेशन मास्टर को मिली थी.

इसके बाद पुलिस ने एहतियाती क़दम उठाए हैं.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी में लिखा हुआ ये पत्र जम्मू के करीम अंसारी के नाम से मिला है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पत्र में कहा गया है कि इसी तरह के हमले कश्मीर के प्रमुख हिंदू धर्मस्थलों पर भी किए जाएँगे.

उन्होंने बताया कि अमृतसर के अलावा जलंधर और फगवाड़ा में हाईअलर्ट कर दिया गया है और जम्मू कश्मीर पुलिस को इसकी सूचना दी जा चुकी है.