बुधवार, 03 मई, 2006 को 06:26 GMT तक के समाचार
अमरीका ने कहा है कि यदि माओवादी हथियार छोड़कर राजनीतिक प्रक्रिया में भाग लेने को तैयार होते हैं तो अंतरराष्ट्रीय समुदाय मदद कर सकता है.
दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के अमरीकी विदेश उपमंत्री रिचर्ड बाउचर ने कहा है कि हालांकि ये इस पर भी निर्भर करेगा कि राजनीतिक दल और माओवादी की प्रतिक्रिया क्या है.
अमरीका का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सरकार ने माओवादी विद्रोहियों की माँग मानते हुए संविधान सभा के लिए चुनाव करने का वादा किया है.
रिचर्ड बाउचर नेपाल दो दिनों की यात्रा पर आए थे.
उन्होंने कहा है कि हथियार डालकर पुनर्वास में माओवादी विद्रोहियों की सहायता करने में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को प्रसन्नता होगी.
हालांकि उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक विद्रोही हथियार डाल कर अपना व्यवहार नहीं बदल देते, अमरीका उन्हें 'आतंकवादी' मानता रहेगा.
उन्होंने कहा है कि वे नेपाल की सहायता के लिए पड़ोसी भारत से भी चर्चा करेंगे.
अमरीकी विदेश उपमंत्री ने कहा है कि नेपाल की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि राजनीति में नेपाल के राजा की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि इस दौरे में उन्होंन राजा ज्ञानेंद्र से मिलने की कोई योजना नहीं रखी थी क्योंकि वे उन राजनीतिज्ञों ने मिलना चाहते थे जिनके हाथों में नेपाल की कमान दी गई है.
उन्होंने अमरीका की ओर से दोहराया है कि यदि नेपाल की सरकार चाहेगी तो अमरीका नेपाल की सैन्य सहायता बहाल करने को तैयार है.