http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 03 मई, 2006 को 07:38 GMT तक के समाचार

उत्तरांचल में बस दुर्घटना, 22 की मौत

उत्तरांचल परिवहन निगम की एक बस के कोसी नदी में गिर जाने की वजह से 22 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 20 घायल हो गए हैं.

मृतकों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत का सबसे छोटा बेटा भी शामिल है.

दुर्घटना उत्तरप्रदेश के रामपुर के नज़दीक हुई है.

उत्तरांचल परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक केके पंत ने बीबीसी को बताया कि दुर्घटना सुबह पाँच बजे हुई.

उन्होंने बताया कि बस दिल्ली-हल्दवानी बस कोसी नदी के पुल पर नीचे गिर गई. इस बस में 42 यात्री सवार थे.

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत दल को वहाँ भेजा गया. घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ़्तार बहुत तेज़ थी.

पिछले एक पखवाड़े में ये दूसरी बड़ी बस दुर्घटना है.

गत 21 अप्रैल को उत्तराँचल परिवहन की ही एक बस नैनीताल के पास एक घाटी में गिर गई थी और इसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी.